246 रुपये में खरीदा था एक रुपये वाला लिफाफा
सहारनपुर। मेडिकल कॉलेज में 16 नवंबर 2018 को केंद्रीय भंडारण के लिए 51 लाख रुपये की स्टेशनरी एवं कंटीजेंसी का सामान खरीदने के आर्डर हुए थे। टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई, जिसके बाद सामान खरीदा गया। नौ अगस्त 2019 को वित्त नियंत्रक ने स्टेशनरी खरीद की जांच की, जिसमें एक रुपये का कागज का लिफाफा 246 रुपये की दर से खरीदना पाया गया। इसी प्रकार छोटा लिफाफा भी 123 रुपये की दर से खरीदा गया। अन्य वस्तुओं के भी कई गुना अधिक रेट लगाए गए थे।
कमिश्नर की दो लिपिकों को बर्खास्त करने और दो लिपिकों को निलंबित करने की संस्तुति से विभाग में हड़कंप मच गया है। अब सभी की निगाह खरीद कमेटी पर होने वाली कार्रवाई पर है, क्योंकि कमिश्नर संजय कुमार ने अध्यक्ष समेत पूरी खरीद कमेटी पर विभागीय कार्रवाई करने को कहा है।
किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्टेशनरी घोटाले में दो संविदा लिपिकों को बर्खास्त किया गया है। दो लिपिकों के निलंबन की संस्तुति प्राचार्य से की गई है। स्टेशनरी खरीद कमेटी पर विभागीय कार्रवाई के लिए भी पत्र लिखा है।
- संजय कुमार, मंडलायुक्त