सहारनपुर, अंबेहटा। डेढ़ माह से लापता चल रहे धौराला गांव के व्यक्ति का शव रविवार को गांव में ही एक कुएं से बरामद हुआ। पुलिस ने रस्सी के सहारे शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रविवार की सुबह करीब 11 बजे गांव के कुछ बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान बच्चे कुएं के पास पहुंचे तो उन्होंने कुएं में एक व्यक्ति को पड़ा देखा। इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। बच्चों के परिजन गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। जिस पर सीओ एसएन वैभव पांडेय, कोतवाल नकुड़ अमर पाल, चौकी प्रभारी नरेंद्र भड़ाना मौके पर पहुंचे। एक कांस्टेबल को कुएं में उतार कर रस्सी के सहारे शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान गांव के ही मकसूद (40) पुत्र महमूद उर्फ मूदा के रूप में हुई है। मृतक अविवाहित था।
सीओ ने बताया कि मकसूद 26 जनवरी की रात से घर से लापता था। नौ फरवरी को उसके भाई महबूब ने इसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मृतक मानसिक रूप से परेशान था। सीओ ने बताया कि शव देखने में काफी पुराना लग रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उधर मृतक के परिजन मकसूद की मौत को हादसा मान कर चल रहे हैं।