नानौता (सहारनपुर)। दो दिन पूर्व लापता हुए 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पास के गांव स्थित एक बाग में पेड़ से लटका हुआ मिला। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जाता है कि युवक अपनी ससुराल में ही रहता था।
रामपुर मनिहारान के गांव चकवाली निवासी मुकेश (35) पुत्र बाबू पिछले दो दिन से बिना किसी को कुछ बताए कहीं चला गया था। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। रविवार की देर शाम आभा गांव के जंगल में स्थित एक बाग में पेड़ पर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटके होने की सूचना क्षेत्र में फैल गई। इसके बाद वहां भारी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर आए लोगों ने मृतक की पहचान दो दिन से लापता चल रहे मुकेश के रूप में की। इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच है। ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश की शादी नानौता क्षेत्र के गांव माजरी निवासी युवती से हुई थी। शादी के बाद मुकेश अपनी ससुराल में ही रह रहा था। थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि उनके पास इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। यदि कोई तहरीर आती तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।