- 19 अगस्त से शुरू होगा पंचायत चुनावों के लिए पुनरीक्षण का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में 1275 बीएलए 19 अगस्त से घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। नए वोट बनाने के लिए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद उनका सत्यापन होगा। इसके साथ ही घर-घर जाकर गणना, सर्वेक्षण और हस्तलिखित पांडुलिपि तैयार की जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सरगर्मी धीरे-धीरे तेज हो रही है। मतगणना की ड्यटी में लगे सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। 29 सितंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में नए मतदाताओं को शामिल किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 जनवरी 2026 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस संबंध में विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।
मतदाता सूची में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन 19 अगस्त से 22 सितंबर तक किया जा सकते हैं। 23 से 29 सितंबर तक बीएलओ इनका सत्यापन करेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले में वर्ष 2021 के बाद से कोई भी नई पंचायत नगर निकायों में शामिल नहीं हुई है, ऐसे में जिन पदों पर वर्ष 2021 में पंचायत चुनाव हुए थे। उन्हीं पदों पर इस बार चुनाव कराए जाएंगे।
- वर्तमान में पंचायत सीटों की स्थिति
ग्राम पंचायतों की संख्या - 884
पंचायत वार्डों की संख्या - 11210
क्षेत्र पंचायत में वार्ड - 1206
जिला पंचायत वार्ड - 49
- पंचायत में 18 लाख से अधिक मतदाता हैं पंजीकृत
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वर्ष 2021 में 1854991 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें रामपुर मनिहारान में 113820, साढौली कदीम में 143336, देवबंद में 164148, नानौता में 131816, मुजफ्फराबाद में 215906 मतदाता पंजीकृत है। इसी तरह सरसावा में 189355, नकुड़ में 160825, पुंवारका में 187737, गंगोह में 209102, बलियाखेड़ी ब्लाॅक में 168059 व नागल ब्लाॅक में 170887 मतदाता पंजीकृत है।