सहारनपुर। विश्व रक्तदाता दिवस पर आज (सोमवार) अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से एसबीडी जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्घाटन जिलाधिकारी अखिलेश सिंह करेंगे। शिविर में फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट सहयोगी है।
रक्तदान हर स्वस्थ व्यक्ति को करना चाहिए, क्योंकि इसके अनेक फायदे हैं। एक तरफ जहां रक्तदान करके खुद को बीमारियों से बचाया जा सकता है वहीं किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाई जा सकती है। अमर उजाला फाउंडेशन हर साल विश्व रक्तदाता दिवस पर शिविर लगाता आया है।
सोमवार प्रात: 10 जिलाधिकारी अखिलेश सिंह एसबीडी जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का फीता काटकर शुभारंभ करेंगे। शिविर के आयोजन में फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट के तमाम पदाधिकारी सहयोग करेंगे। कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शिविर का आयोजन किया जाएगा।
रक्तदान करने आने वालों को मास्क लगाना अनिवार्य है। शिविर के दौरान सैनिटाइजर की व्यवस्था भी रहेगी। रक्तदान करने वालों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे, जिसके जरिए वह जरूरत पड़ने पर बाद में रक्त भी ले सकते हैं। इस पुनीत कार्य में आप भी रक्तदान करके किसी की जिंदगी बचाने की मुहिम में शामिल हो सकते है और रक्तदान करके महादानी बन सकते हैं।