नानौता में बीएलओ से जानकारी लेते मंडलायुक्त।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने आकस्मिक बूथ निरीक्षण करते हुए कार्य में लापरवाही बरतने पर एक बीएलओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही तीन अन्य बीएलओ के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।
नगर के किसान सेवक इंटर कॉलेज स्थित बूथों पर शनिवार को मतदाता पहचान पत्र बनाने तथा पूर्व में बने मतदाता पहचान पत्रों को ठीक करने का कार्य कैंप लगाकर किया जा रहा था। बीएलओ बूथ पर बैठकर अपना कार्य कर रहे थे। करीब साढ़े 11 बजे बूथ स्थल पर कमिश्नर एमपी अग्रवाल पहुंच गए।
अधिकतर बीएलओ का टारगेट और कार्य अधूरा तथा अनियमितता पाए जाने पर उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने बीएलओ को जमकर फटकार लगाते हुए कार्य को ठीक प्रकार से करने की हिदायत दी।
मौके पर ही सहायक पद पर तैनात एक बीएलओ वीर सिंह से जब उनके फार्म कार्य के संबंध में पूछा गया तो वह कोई जवाब नहीं दे पाए। इस पर मंडलायुक्त ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दे दिए।
सख्त निर्देश देते हुए कहा कि घर-घर जाकर लोगों को जानकारी देते हुए प्रत्येक फार्म की जांच की जाएं। काम के प्रति लापरवाह बीएलओ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान काम में अनियमितता तथा बूथ पर मौजूद नहीं मिलने वाले तीन बीएलओ के विरुद्ध भी कार्रवाई के आदेश दिए।
वहीं बूथ पर मौजूद बीएलओ गुलशन नकवी के कार्य को सहीं पाए जाने पर उन्हें प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की गई। निरीक्षण के दौरान बीएलओ में हड़कंप मची रही।