देवबंद। निर्वाचन कार्यों में लापरवाही करना कई बीएलओ को भारी पड़ गया। एसडीएम ने लापरवाही बरतने के आरोप में दस बीएलओ का वेतन रोकने और प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने की संस्तुति की है।
बुधवार को एसडीएम दीपक कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्तमान में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंर्तगत बीएलओ द्वारा निर्वाचक नामावली में घर-घर जाकर सत्यापन के दौरान नई वोट बनाना, वोट काटना व संशोधन आदि संबंधी कार्य ऐप पर करने थे। लेकिन समीक्षा के दौरान दस बीएलओ द्वारा अभी तक ऐप पर निर्वाचन आयोग के मानक के अनुरूप कार्य की प्रगति ही नहीं है। एसडीएम ने बताया कि निर्वाचन कार्य करने में शिथिलता बरतने के कारण बीएलओ शशिपाला, मोनिका रानी, अंजू यादव, रेखा रानी, रोबिना प्रवीन, विजय लक्ष्मी, सुशील, आशा रानी, उर्मिला और अंजू का वेतन रोकने और प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने की संस्तुति की गई है।