सहारनपुर नगर निगम चुनाव में मेयर और 28 पार्षद पद जीतने पर भाजपा द्वारा रखी गई धन्यवाद बैठक में हंगामा हो गया। पूर्व विधायक लाज कृष्ण गांधी ने जब कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा के मुकाबले नगर निगम चुनाव में हिंदू बाहुल्य क्षेत्रों में ज्यादा मतदान हुआ है, लेकिन संगठन को विधानसभा चुनाव में मिले मतों से छह सौ वोट कम मिले।
इससे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की लापरवाही नजर आती है। इस पर कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। सोमवार को सर्किट हाउस रोड स्थित मेयर संजीव वालिया के चुनाव कार्यालय पर भाजपा द्वारा धन्यवाद बैठक का आयोजन किया गया।
पूर्व विधायक व लोकसभा क्षेत्र पालक लाजकृष्ण गांधी ने नगर निगम चुनाव में हुए मतदान की समीक्षा का ब्योरा प्रस्तुुत किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में शहर सीट पर हुए मतदान के मुकाबले नगर निगम के चुनाव में हिंदू बाहुल्य क्षेत्रों में अधिक मतदान हुआ है, लेकिन पार्टी प्रत्याशी को विधानसभा चुनाव के मुकाबले 600 वोट कम मिल हैं।
भाजपा का वोट दूसरे राजनीतिक दलों को पड़ा है। इसमें भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की लापरवाही साफ नजर आती है। कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी के खिलाफ काम किया है। इस बात को लेकर कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लाजकृष्ण गांधी साफ-साफ उन लोगों के नाम बताएं, जिन्होंने पार्टी के खिलाफ काम किया। इसी बीच मेयर संजीव वालिया ने माइक थाम लिया और मामला शांत कराया। यहां बता दें कि निकाय चुनाव में भाजपा की गुटबाजी पूरी तरह से सतह पर थी। ऐसे में सोमवार को बैठक में यह मुद्दा उठते ही आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया और हंगामा जोरदार हो गया।
इस दौरान राज्य मंत्री धर्म सिंह सैनी, सांसद राघव लखनपाल शर्मा, नगर निगम चुनाव समिति के प्रभारी विजयपाल तोमर, महानगर प्रभारी महेंद्र धनौरिया, जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, सुरेंद्र शर्मा, अमित वर्मा सहित दर्जनों भाजपाई मौजूद रहे।