सहारनपुर। भाजपा के संगठन चुनाव के महानगर चुनाव अधिकारी और बदायूं विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है, जो अपने संगठन का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया तहत करती है। कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाता है, जबकि अन्य राजनीतिक दल एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह काम करते हैं।
दिल्ली रोड स्थित पार्टी कार्यालय में संगठन चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में बदायूं विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने 12 अक्तूबर तक मंडल अध्यक्षों का चुनाव कराने की तिथि तय की थी, लेकिन जिन जिलों में उपचुनाव होने हैं, उनके लिए तिथि अब 22 और 23 अक्तूबर कर दी गई है। सहारनपुर महानगर के सभी 11 मंडलों में 23 अक्तूबर तक मंडल अध्यक्षों का चुनाव कराकर घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद जिला और महानगर कार्यकारिणी का गठन होगा। सहचुनाव अधिकारी डाक्टर चरण सिंह लिसाड़ी ने कहा कि मंडल अध्यक्षों का चुनाव पूरी ईमानदारी के साथ कराया जाएगा। चुनाव के लिए प्रत्येक मंडल में स्थान और समय तय कर दिया गया है। हर वर्ग और प्रत्येक कार्यकर्ता को ध्यान में रखते हुए बिना पक्षपात के चुनाव होगा। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, अजय सिंघल, यशपाल पंवार, रूपेंद्र सैनी, सुख दर्शन बेदी, अनिल मित्तल, मनोज ठाकुर, अमित गर्ग, विक्रम शर्मा, गौरव गर्ग, अरुण गुप्ता, विशाल दुआ, सुनील पंवार, नरेश रावत, संजय गर्ग, प्रवीण छाबड़ा, गौरव गर्ग, अनिल चौधरी मौजूद रहे।