मल्हीपुर रोड़ स्थित गेंहू क्रय केन्द्र पर प्रदर्शन करते कांग्रेसी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि मल्हीपुर, नंदी फिरोजपुर, अहमदपुर, घाटहेड़ा सहित रामपुर मनिहारान और गंगोह क्षेत्रों गेहूं क्रय केंद्रों पर ताले लटके हुए हैं। इसके अलावा अन्य जगहों पर अनियमितता बरती जा रही है।
मंगलवार को जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली के नेेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गेहूं क्रय केंद्रों का जायजा लिया। जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली ने कहा कि विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों पर जाकर जमीनी हकीकत देखी तो अधिकतर केंद्रों पर ताले लगे मिले और किसानों के लिए सरकारी घोषणा हवा हवाई साबित हुई। प्रदेश सरकार ने क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद की तारीख 15 से बढ़ाकर 22 जून की, लेकिन केंद्रों पर बारदाने की आपूर्ति न होने से गेहूं की खरीद बाधित हुई और किसानों को इसका कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने गेहूं क्रय केंद्रों को 15 जुलाई तक खोले जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछले वर्ष 1200 रुपये कुंतल में धान बेचने को मजबूर हुआ किसान अब गेहूं की फसल न बिकने के कारण खून के आंसू रोने को मजबूर है। रामपुर चेयरमैन प्रतिनिधि व पीसीसी सदस्य विवेक कांत सिंह ने कहा कि किसान पिछले तीन दशकों से सरकारी शोषण का शिकार है। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मनीष त्यागी, जिला महासचिव राकेश मोगा, जिला सचिव मधु सहगल, दाऊद हसन, आबिद हसन, जाकिर, प्रवेज चकवाली, आजिम, हनी सरदार, अनीस मलिक, मशहूर खान मौजूद रहे।