सहारनपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर अधिकतर सीटों पर राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। इनके सबके बीच सहारनपुर लोकसभा सीट ऐसी है जहां पर भाजपा की तरफ से पत्ते नहीं खोले गए। चर्चा है कि भाजपा आज प्रत्याशी की घोषणा कर सकती है।
राजनीतिक सूत्रों की मानें तो भाजपा एक बार फिर से पूर्व सांसद राघव लखनपाल पर दांव खेल सकती है। पिछले चुनाव में राघव लखनपाल बसपा के हाजी फजलुर्रहमान से करीब 22 हजार वोटों से हार गए थे। वह दूसरे स्थान पर रहे थे। हालांकि इस बार भाजपा में सहारनपुर सीट पर टिकट लेने वालों की लंबी कतार थी, जिसमें कई लोगों के नाम थे। अब चर्चा है कि इन नामों में राघव लखनपाल ऊपर है।
पड़ोस की कैराना सीट पर भी भाजपा ने मौजूदा सांसद प्रदीप चौधरी को ही दोबारा मैदान में उतारा है। वहीं गठबंधन की तरफ से कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशी की अधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं की, लेकिन इमरान मसूद के नाम फाइनल हो चुका है। जिसकी किसी भी वक्त घोषणा हो सकती है। पूर्व विधायक इमरान मसूद कुछ माह पहले ही दोबारा से कांग्रेस का दामन थमा है। वह तभी से दावा कर रहे हैं कि हर हाल में चुनाव लड़ा जाएगा।