बिजली बिल संशोधन में गड़बड़ी मिलने पर बिलिंग लिपिक पर गिरी गाज
बेहट (सहारनपुर)। छुटमलपुर की आजाद कॉलोनी निवासी उपभोक्ता नूर शाह के विद्युत बिल संशोधन में गड़बड़ी पाने पर अधिशासी अभियंता ने बिलिंग लिपिक (टीजी-2) के वेतन से 11 हजार 255 रुपये की रिकवरी और सर्विस बुक में निंदा प्रविष्टि करने के आदेश पारित किए। उन्होंने एसडीओ मुजफ्फराबाद के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए एमडी को पत्र लिखा है।
बिलिंग लिपिक दिनेश कुमार ने छुटमलपुर की आजाद कॉलोनी निवासी उपभोक्ता नूर शाह के बिल में ओटीएस योजना में पंजीकरण कराए बिना ही सरचार्ज की छूट कर दी। इस मामले में अधिशासी अभियंता योगेंद्र सिंह ने 20 मई को 22 हजार 510 रुपये की राजस्व हानि का 50 प्रतिशत 11 हजार 255 रुपये बिलिंग लिपिक दिनेश कुमार के वेतन से कटौती किए जाने एवं सेवा पुस्तिका में निंदा प्रविष्टि करने के आदेश पारित किए। इस पर बिलिंग लिपिक ने अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर जांच समिति गठित कर जांच कराने का अनुरोध किया। इस पर चार सदस्यीय समिति को जांच सौंपी । समिति ने भी सभी आरोप सही पाए। इसके बाद अधिशासी अभियंता ने उक्त आदेशों को यथावत रखते हुए उपखंड अधिकारी मुजफ्फराबाद के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए एमडी को पत्र लिखा है।