उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने देवबंद में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 57 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने इसकी कीमत 5.70 लाख रुपये बताई है। पुलिस ने उन्हें जेल भेजा।
बुधवार को कोतवाली में एसपी (देहात) अतुल शर्मा ने बताया देवबंद पुलिस को मंगलवार की रात्रि में मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि बहादरपुर से रणखंड़ी जाने वाले रास्ते पर गन्ना क्रेशर के सामने तीन संदिग्ध लोगों के खड़े हैं। पुलिस जब वह पहुंची तो उक्त तीनों लोग भागने लगे।
पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम प्रभात कुमार उर्फ लाला पुत्र राकेश निवासी मोहल्ला अंकित विहार थाना नई मंडी मुजफ्फरनगर, जुनैद पुत्र अब्बन और रिहान पुत्र जुल्फकार निवासीगण अंबहेटा शेखां (देवबंद) बताया है। पुलिस को उनके कब्जे से 57 किलो गांजा बरामद हुआ।
एसपी देहात ने बताया कि तीनों छतीसगढ़ से गांजा लाकर उसे सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली व बागपत समेत अन्य जनपदों में बेचते थे। इनका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया।