बेहट (सहारनपुर)। भीम आर्मी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंजीत सिंह नौटियाल ने कहा देश का अन्नदाता सड़कों पर दम तोड़ रहा है। उन्होंनेे कहा सरकार दलितों और मुस्लिमों के खिलाफ दमनकारी नीति अपना रही है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बुधवार को मोहल्ला स्थित संत रविदास में कृषि कानूनों को वापस लेने, पदोन्नति में पुन: आरक्षण बहाली, कृषि पट्टों को वापस देने आदि मांगों लेकर भीम आर्मी ने महापंचायत की, इसमें भीम आर्मी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंजीत सिंह नौटियाल ने कहा देश में दलित-मुस्लिम एवं पिछड़े समाज के लोगों की स्थिति आर्थिक रूप से कमजोर है। उन्होंने कहा सरकार कृषि कानून वापस करने के साथ ही कृषि पट्टों का पुन: आवंटन, पदोन्नति में पुन: आरक्षण की व्यवस्था को लागू करें, नहीं तो भीम आर्मी कश्मीर से कन्याकुमारी तक आंदोलन करेगी और 2022 में प्रदेश में होने वाले विस चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल वालिया ने कहा भाजपा सरकार के डर से सभी विपक्षी पार्टियां चुप बैठ गई है, क्योंकि सरकार की नीतियों के खिलाफ बोलने पर जेल भेजा जा रहा है, लेकिन भीम आर्मी इससे डरने वाली नहीं है। सईदुर्रहमान रावत ने कहा सरकार ने दलित एवं मुस्लिमों के प्रति तानाशाही रवैय्या अपना रखा है, भीम आर्मी सरकार से डरने वाले नहीं है।
इसमें भीम आर्मी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष रोहित गरवा, दीपक बौद्ध, विधानसभा अध्यक्ष देवबंद शौर्य आंबेडकर, सगीर अहमद, अनिल रावण, रोहित राज गौतम आदि ने भी संबोधित किया। इसमें जुल्फिकार सलमानी, मनदीप, शिवम, प्रमोद, रोहित, काजी मेहरबान, सचिन गौतम, राजू, सुफियान मलिक, कारी वाजिद, शहजाद रावत, अनुज कुमार, कर्णवीर सिंह, विशाल, मोहित आंबेडकर, धर्म सिंह, विश्वास कुमार, पवन राणा आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।