सहारनपुर। नए साल के पहले दिन से टोल प्लाजा पर फास्टैग की अनिवार्यता को लेकर बेचैन जिले के 50 हजार से अधिक वाहन स्वामियों को बड़ी राहत मिली है। अब चार पहिया वाहनों पर फास्टैग लगवाने के लिए 15 फरवरी तक की मोहलत दी गई है। इससे पूर्व में दिए गए निर्देशों में नए साल के पहले दिन से ही फास्टैग युक्त वाहनों को ही टोल प्लाजा से निकालने के निर्देश दिए गए थे। तब से इस व्यवस्था से वंचित हजारों वाहन स्वामियों में बेचैनी रही। अब उन्हें फास्टैग के लिए काफी समय मिल गया है।
जिले में तीन टोल प्लाजा पर वाहनों से शुल्क लिया जा रहा है। ये टोल प्लाजा सहारनपुर देहरादून हाईवे पर चमारी खेड़ा, गागलहेड़ी के पंहासु कोलकी कला और अंबाला हाईवे पर शाहजहांपुर के पास हैं। कुछ माह पहले तक तीनों ही टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहन स्वामियों से टोल की छूट को लेकर काफी हंगामे और विरोध प्रदर्शन भी हुए। सभी अवरोधों के बाद अब तीनों टोल पर वाहनों का आवागमन हो रहा है। इनके अलावा सहारनपुर से मेरठ और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को देवबंद के पास रोहाना टोल प्लाजा से होकर जाना पड़ता है।
जिले में चार पहिया वाहनों के पंजीयन की स्थिति
कारों की संख्या -- 35397
ट्रकों की संख्या -- 4361
बसों की संख्या -- 1067
अन्य वाहन -- 8103
दो फीसदी वाहन स्वामी भी कवर नहीं
- सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरपी मिश्रा ने बताया कि फास्टैग सिस्टम में फिलहाल दो फीसदी वाहन भी कवर नहीं हैं। ज्यादातर वाहन स्वामी अभी तक इस व्यवस्था की अनिवार्यता में और समय मिलने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन अब वाहन स्वामियों को फास्टैग की प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए ताकि बाद में उन्हें परेशानी न हो।
फास्टैग में मोहलत की मिली है जानकारी : एलडीएम
- लीड बैंक मैनेजर संतोष कुमार ने बताया कि फिलहाल तो यह जानकारी मिली है कि फास्टैग की अनिवार्यता में अब मोहलत मिल गई है। उन्होंने कहा कि फास्टैग के लिए जिन बैंकों और अन्य सेवा प्रदाताओं को अधिकृत किया गया है। उनकी मदद से वाहन स्वामी यह प्रक्रिया जरूर पूरी कर लें। अन्यथा कुछ दिन बाद ही सही, उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।