सहारनपुर। अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे ने कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए कोविड अस्पतालों में बेड बढ़ाने के निर्देश दिए। वह बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में कोरोना से निपटने की तैयारियों की समीक्षा बैठक ले रहे थे। उन्होंने ठीक से काम नहीं करने वाले अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
सर्किट हाउस सभागार में शाम छह बजे से डेढ़ घंटा चली बैठक में रजनीश दुबे ने सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक से कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने जनपद में कोरोना मरीजों के लिए बेड की उपलब्धता, पीआईसीयू की स्थिति, वेंटीलेटर कितने हैं और पूरी तरह तैयार हैं या नहीं यह भी पूछा। इसके अलावा ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट चालू अवस्था में हैं या नहीं। उनसे कितनी ऑक्सीजन प्रतिदिन उत्पादित हो पा रही है। यह भी पूछा। इसके अलावा कोरोना मरीजों के इलाज के लिए जनपद में कितने स्वास्थ्यकर्मी यानी फ्रंट लाइन वर्क्स हैं इसके बारे में भी सीएमओ से पूछा। उन्होंने बेड बढ़ाने पर जोर देते हुए सीएमओ को निर्देशित किया। एसबीडी जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रमेश चंद्रा को व्यवस्था और दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कुछ प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला अधिकारी अखिलेश सिंह, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक, एसपी सिटी राजेश कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन, अपर नगरायुक्त राजेश यादव, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।