पांवधोई नदी की सफाई करती निगम की जेसीबी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। पांवधोई नदी की सफाई के लिए चल रहे अभियान की हकीकत जानने के लिए नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने नदी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी में अभियान को और गति से चलाया जाए। उन्होंने बताया कि नदी के घाट पर स्नानागार बनवाया जाएगा।
बरसात से पहले नालों की सफाई के साथ ही नगर निगम पांवधोई नदी की भी सफाई करा रहा है। पोकलेन मशीनें नदी में उतारकर गंदगी निकलवाई जा रही है। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने नदी की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अनेक पार्षदों व अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन को शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी के दौरान अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए। नदी से निकाले जा रहे कचरे को 24 घंटे के भीतर उठाकर डंपिंग ग्राउंड पर डलवाने के निर्देश दिए। उनके साथ पार्षद भूरासिंह प्रजापति, पार्षद नंद किशोर, पार्षद गोपालदास, पार्षद ज्योति अग्रवाल व पार्षद प्रतिनिधि नितिन सिंघल, तेजकुमार क्वात्रा, पांवधोई समिति के प्रमेंद्र बंसल, डॉ. वीरेंद्र आजम , शैलेंद्र भूषण गुप्ता, विपिनगुप्ता एडवोकेट, अनिल शर्मा, सफाई निरीक्षक नत्थीलाल, सफाई नायक मनमोहन आदि मौजूद रहे।