सहारनपुर। सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले बेसिक शिक्षक आज हकीकतनगर में धरना देंगे। धरना दोपहर दो बजे से होगा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक अटल बहादुर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम 27 जुलाई 2011 से लागू है। अधिनियम के प्रभावी होने के बाद से नियुक्त होने वाले शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है, जबकि उससे पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए ऐसी अनिवार्यता नहीं थी। सुप्रीम कोर्ट ने एक सितंबर 2025 को निर्णय दिया कि देश के सभी राज्यों में अधिनियम लागू होने के तिथि से पूर्व में नियुक्त शिक्षकों को भी सेवा में बने रहने या पदोन्नति के लिए टीईटी उत्तीर्ण होना चाहिए। इस निर्णय को टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने गलत माना है।
फेडरेशन के आह्वान पर 26 फरवरी बृहस्पतिवार को धरना देने का निर्णय लिया गया है, जो दोपहर दो बजे से हकीकतनगर स्थित श्रीरामलीला मैदान पर होगा। इसमें उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के साथ ही उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ सहित अन्य संगठनों से जुड़े शिक्षक भी शामिल होंगे। धरने के बाद शिक्षक शांतिपूर्ण ढंग से कलक्ट्रेट पहुंचकर सक्षम अधिकारी को ज्ञापन देंगे।