बेहट रोड़ स्थित बालाजी धाम के वार्षिक उत्सव बल्ली पूजन करते धाम के सेवादार
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम के वार्षिकोत्सव के द्वितीय चरण के कार्यक्रम के तहत बुधवार को श्रद्धाभाव से बल्ली पूजन किया गया। श्री बालाजी महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बुधवार को धाम संस्थापक अतुल जोशी महाराज, आचार्य शुभम कौशिक, पंडित खेमराज मिश्रा, पंडित गोविंद जोशी के सानिध्य में बल्ली पूजन किया गया। अतुल जोशी महाराज ने कहा कि धाम के 12वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में 15 व 16 फरवरी को अखंड रामायण का पाठ होगा। 17 फरवरी को चकराता मार्ग स्थित राजकीय क्रीड़ा मैदान से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बालाजी महाराज का भव्य रथ भक्तों द्वारा रस्से से खींचा जाएगा। इसके साथ ही एक रथ पर भगवान श्री कृष्ण की वाणी गीता विराजमान रहेगी, जो शोभायात्रा में उपरांत धाम में स्थापित होगी। 18 व 19 फरवरी को गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के दिव्य सत्संग करेंगे। इसी दिन शाम को श्री बालाजी धाम प्रांगण में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। अतुल जोशी महाराज ने बताया कि शोभायात्रा उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय ध्यान गुरु दीपांकर महाराज करेंगे। श्री बालाजी महाराज के रथ के सारथी अखिल भारतीय सर्व वैश्य एकता महासभा के जिलाध्यक्ष अनुपम गुप्ता होंगे। इस दौरान पार्षद ज्योति अग्रवाल, डाक्टर सतीश गुप्ता, प्रमोद माहेश्वरी, अजय सूरी, तपेश्वर दत्त, विवेक गुप्ता, मनोज कुमार, सतीश शर्मा, विनीत शर्मा, शुभम सैनी, अक्षय, शीला विजन, धर्मपाल, बब्बू, अरूण जोशी, उषा पांचाल मौजूद रहे।