बॉल गिरने का बहाना बनाकर खुलवाया दरवाजा
जांच के अनुसार घटना वाले दिन अंकुर ने पूनम मित्तल को फोन कर कहा कि उनकी गेंद घर में गिर गई है और दरवाजा खोलने का अनुरोध किया। जैसे ही दरवाजा खुला, अंकुर अपने साथी के साथ चेहरे ढककर घर में दाखिल हो गया। हालांकि पूनम मित्तल ने आवाज और हावभाव से अंकुर को पहचान लिया। इसी कारण आरोपियों को अपनी पहचान उजागर होने का डर सताने लगा।
पहचान होते ही उतार दिया मौत के घाट
पुलिस के अनुसार अंकुर ने महिला को पीछे से पकड़ लिया, जबकि सलमान ने चाकू से उनकी गर्दन पर कई वार किए। दोनों आरोपी तब तक मौके पर रुके रहे, जब तक महिला की मौत नहीं हो गई। इसके बाद वे कुंडल लेकर फरार हो गए।
मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुख्य आरोपी अंकुर गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसके साथी सलमान को भी पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। मुठभेड़ में सलमान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपी अंकुर के खिलाफ पहले भी मारपीट और चोरी के मामले दर्ज हैं। वहीं सलमान पर भी आपराधिक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त चाकू, अवैध हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।