बलालखेड़ी ने खेड़ा अफगान को हरा जीता क्रिकेट मैच
अंबेहटा। ग्रीन वैली एकेडमी में आयोजित एक दिवसीय रोमांचकारी क्रिकेट मैच में बलाल खेड़ी की टीम ने खेड़ा अफगान को हरा दिया। बलाल खेड़ी के कप्तान संजय कुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया।
उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खो कर 231 रनों का विशाल लक्ष्य विपक्ष खेड़ा अफगान टीम के सामने रखा। बलाल खेड़ी की तरफ से शेखर ढायकी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत सात छक्के व ग्यारह चौकों की मदद से सर्वधिक 118 रन बनाए। जबकि निक्की राठौर ने चार चौके व पांच छक्कों की बदौलत 57 रन की नाबाद पारी खेली। जबकि विपिन ढायकी ने भी गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर गगनचुंबी छक्के की मदद से 23 रनों की बदौलत टीम को बड़ा स्कोर देने में मदद की। खेड़ा अफगान टीम के बल्लेबाजों ने भी धमाकेदार बल्लेबाजी करते खालिद मलिक 71 व कोच अर्जुन सिंह ने 46 रन की पारी खेलते हुए मैच में 18 ओवर तक अपनी पकड़ बनाए रखी। 19वें ओवर में दीपक की सधी हुई गेंदबाजी ने दोनों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। खेड़ा टीम के बल्लेबाजों को अंतिम छह गंदों पर नौ रन बनाने थे लेकिन महावीर ढायकी की तेज गेंदबाजी उनके रास्ते का रोड़ा बन गई। उसने अपने ओवर में केवल दो रन ही लेने दिए। इसके चलते रोमांचकारी मैच बलालखेड़ी ने जीत लिया। मैन आफ द मैच शतक लगाने वाले बल्लेबाज शेखर ढायकी को दिया गया। संजय कुमार, सलामत खान व विपिन ढायकी को बेहतरीन क्षेत्ररक्षण की बदौलत स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।