गंगोह। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को ज्ञापन देकर वृद्ध हो चुके गोवंशियों से रेत खनन का कार्य लेने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बजरंग दल के ब्लाॅक अध्यक्ष दीपक सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ता शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने दिए ज्ञापन में बताया कि बिना अनुमति के ही यमुना नदी से खनन के कार्य में लगे कुछ लोग वृद्ध गोवंशी बैलों से उनकी क्षमता से ज्यादा बोझा ढो रहे हैं। गोवंशियों पर अत्याचार करने वाले तत्वों पर पशु क्रूरता कानून में कार्रवाई होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बूढ़े हो चुके गोवंशियों से काम लेकर उन्हें बेसहारा छोड़ रहे हैं।
आवारा कुत्ते हिंसक होकर उन पर हमलावर होते हैं। कहा कि ऐसे लोगों को चिह्नित करके उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेताया कि यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो फिर कार्यकर्ता गोवंशियों पर अत्याचार करने वालों को सबक सिखाएंगे। इस दौरान प्रदीप कुमार, रोहित कुमार, मोहित कुमार, यशपाल सैनी, वंश सैनी, अवनीश सैनी, विकास कुमार, सौरभ कुमार आदि मौजूद रहे।