छुटमलपुर। दूसरे समुदाय के युवकों द्वारा युवती के साथ छेड़छाड़ और मुजफ्फराबाद के स्कूल में शिक्षक के साथ मारपीट का केस दर्ज नहीं होने पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने फतेहपुर थाने पर धरना देकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पुलिस को यह रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाद में थानाध्यक्ष ने केस दर्ज करने का आश्वासन देकर किसी तरह धरना खत्म कराया।
सोमवार की दोपहर 12 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए फतेहपुर थाने पहुंचे। जहां वह गेट के पास दरी बिछा कर धरने पर बैठ गए। सबसे पहले कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद विभाग सह संयोजक हरीश कौशिक ने कहा कि एक गांव की युवती छुटमलपुर में एक लैब पर नौकरी करती थी। जहां दूसरे समुदाय के दो युवकों ने उसे छेड़खानी करते हुए तंग करना शुरू कर दिया। परेशान युवती ने नौकरी छोड़ दी। इसके बाद आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना कर युवती पर दोस्ती का दबाव बनाया। युवती के भाई ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। एक सितंबर को परिजन तहरीर लेकर पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन उन्हें टकरा दिया गया।
हरीश कौशिक ने कहा कि एक अन्य प्रकरण में मुजफ्फराबाद के शिक्षक शिवांक के साथ दूसरे समुदाय के युवक ने मारपीट की है। इसमें भी पुलिस टालू रवैया अपना रही है। इस मौके पर विहिप के जिला मंत्री मनीश योगाचार्य, प्रदीप दत्त, पावन कौशिक, मोनू कश्यप, सागर सैनी, गगन वर्मा, तुषार तोमर, अनुभव आदि रहे।
उधर, थानाध्यक्ष प्रमोद रावल ने बताया कि युवती वाले प्रकरण में संबंधित धाराओं में केस दर्ज की जा रही है, जबकि अध्यापक वाले प्रकरण में दूसरी तरफ से भी तहरीर आई है। जांच की जा रही है।