राजस्थान के उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की गला रेत कर हत्या किए जाने के विरोध में हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसपी देहात व तहसीलदार को सौंपा।
सहारनपुर के बेहट में बुधवार को बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता शाकंभरी देवी रोड पर इकट्ठा हुए। यहां से वे बजरंग दल के जिला संयोजक हरीश कौशिक की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए शाकंभरी गेट पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा का समर्थन करने पर कन्हैयालाल की निर्मम हत्या कर दी गई। जिसकी वे कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने हत्यारों को फांसी की सजा एवं पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री मनीष योगाचार्य ने कन्हैयालाल के परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी और आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाए जाने की मांग की है। इस दौरान पीएसी एवं पुलिस बल मुस्तैद रहा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसपी देहात सूरज राय एवं तहसीलदार प्रकाश सिंह को सौंपा। प्रदर्शनकारियों में जिला सहसंयोजक अनुज सैनी, जिला गौरक्षा प्रमुख विशाल चौहान, जिला सह मीडिया प्रमुख रजत शर्मा, नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता, करण शर्मा, वासु, सुमित रोहिला, राज सिंह, अनमोल सिंह, राजपाल सिंह, अनूप सिंह, दीपक सैनी, विनीत सैनी, आशीष धीमान, अमरीश चौहान, मोहित, आयुष आदि शामिल रहे।
उदयपुर की घटना को लेकर सहारनपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि चिलकाना क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई। क्षेत्र में पूर्ण रूप से शांति रही। बुधवार की शाम पुलिस ने चिलकाना बस स्टैंड, मुख्य बाजार और पुलिस चौकी पठेड़ क्षेत्र में पैदल मार्च निकाला। लोगों को शांति बनाए रखने के लिए कहा गया।
मिर्जापुर थाना क्षेत्र में भी जगह-जगह पुलिस तैनात की गई थी। मिर्जापुर पौल कस्बे के शाहपुर गाड़ा रोड के मुख्य चौराहे पर जहां दिनभर काफी संख्या में पुलिस की तैनाती रही वहीं हरियाणा, उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश की सीमावर्ती हथनीकुंड व बादशाही बाग पुलिस चेक पोस्टों पर विशेष सतर्कता बरती गई।
थाना प्रभारी इंसपेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि पूरे क्षेत्र में शांति का माहौल है फिर भी एहतियात के तौर पर चौकसी बरती जा रही है।