सहारनपुर में साफ-सफाई के मामले में सहारनपुर रेलवे स्टेशन काफी पिछड़ा हुआ है। हाल ही में हुए रेलवे स्व्च्छता सर्वे में ए कैटेगरी के स्टेशनों में सहारनपुर का 217 वां स्थान है, जबकि पड़ोसी जिले मुजफ्फरनगर ने 34 वां स्थान पाया है।
ये माना जा सकता है कि पड़ोसी जिले से भी हम स्वच्छता के मामले में काफी पिछडे़ हुए है। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था होने के दावे किए जाते रहे हैं।
यहां सात प्लेटफॉर्म हैं, जिनमें से छह प्लेटफार्मों की लाइन वॉशेबल हैं। यानी प्रतिदिन उनकी धुलाई की जाती है। प्लेटफार्म भी सभी पक्के हैं, मगर प्लेटफार्म नंबर एक पर पिछले करीब दो महीने से काम चल रहा है। खनन सामग्री उपलब्ध नहीं होने की वजह से एक नंबर पर काम बंद है।
ऐसे में प्लेटफार्म की फर्श टूटी हालत में पड़ा है। स्वच्छता के लाख दावों के बावजूद ए कैटेगरी के स्टेशनों में सहारनपुर का स्थान 217वां रहा है। हैरत की बात यह है कि मंडल के ही मुजफ्फरनगर का स्टेशन इस सूची में 34वें स्थान पर है, जबकि मेरठ सिटी को 132 वां स्थान दिया गया है। इसे लेकर रेलवे के स्थानीय अधिकारी हैरत में हैं।