बाबरी विध्वंस की तारीख भूल नहीं पाएंगे, जारी रहेगा संघर्ष : वजदी
बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी ने किया सभा का आयोजन
व्यापार बंद रखने के एलान पर खुफिया टीम और पुलिस रही सक्रिय
सहारनपुर। बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस की वह तारीख भुलाई नहीं जा सकेगी और पुन: निर्माण के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
कमेटी ने मोहल्ला शाहबहलोल स्थित जामा मस्जिद में रविवार दोपहर नमाज के बाद सभा का आयोजन किया गया। कमेटी की तरफ से 10 सूत्री प्रस्ताव पढ़कर सुनाया गया। उसमें कहा गया कि छह दिसंबर 1992 को कानून और संविधान की अवहेलना करते हुए बाबरी मस्जिद का विश्वंस किया गया था। इसे कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा। आज सेक्युलरिज्म की बात करने वालों से मांग है कि इस मसले पर अपना दृष्टिकोण स्पष्ट करें और मुसलमानों को वोटबैंक के तौर पर इस्तेमाल करना बंद करें। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड से विशेष निवेदन किया गया कि मस्जिद के पुन: निर्माण को लेकर अहम भूमिका निभाए। सभा की अध्यक्षता मौलाना अताउर्रहमान वजदी और संचालन इरफान अलवी ने किया। सभा की शुरुआत तिलावत कुरान ए पाक से हुई। इस दौरान शेरशाह आजम, हाफिज उबैदुल्ला काजिम, मौलाना अजीजउन नदवी, ताजदार खान, कारी मोहम्मद मुस्तकीम आदि ने विचार रखे।
खुला रहा बाजार, लोग रहे व्यस्त
बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी ने एलान किया था कि छह दिसंबर की दोपहर कारोबार को बंद रखकर विशाल सभा की जाएगी। हालांकि उसकी अनुमति प्रशासन से नहीं मिल पाई। इसी कारण रायवाला रोड पर बाजार आम दिनों की तरह खुले रहे। दुकानदार व्यापार में व्यस्त नजर आए। जामा मस्जिद में कुछ ही लोगों की सभा हुई। इस दौरान खुफिया विभाग की टीम के साथ ही पुलिस भी सक्रिय रही।