अयोध्या प्रकरण : जनपद को 27 सेक्टरों में बांटा
सहारनपुर। अयोध्या प्रकरण में फैसला आने के बाद कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डीएम आलोक कुमार पांडेय ने जनपद को 27 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को नियुक्त किया है।
सर्वोच्च न्यायालय के अयोध्या प्रकरण में आने वाले संभावित निर्णय के बाद सुरक्षा की दृष्टि से डीएम ने जनपद को चार सुपर जोन, 11 जोन, 27 सेक्टर और 86 सब सेक्टर में बांटा है। इनमें मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सुपर जोन-1 में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह और एसपी सिटी विनीत भटनागर सुपर जोनल अधिकारी होंगे। सुपर जोन-2 में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक देहात विद्या सागर मिश्र सुपर जोनल पुलिस अधिकारी बनाए गए हैं। सुपर जोन-3 में मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह सुपर जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक यातायात अपर्णा गुप्ता सुपर जोनल पुलिस अधिकारी होंगी। सुपर जोन चार में एसडीएम नकुड पूरण सिंह राणा और क्षेत्राधिकारी गंगोह अजेय शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। इनके साथ ही 11 जोनल मजिस्ट्रेट और जोनल पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में गश्त करेंगे और कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी सूचना को अपने उच्चाधिकारियों को देंगे।
किसी भी सूरत में नहीं बिगडने दी जाएगी कानून व्यवस्था की स्थिति: कमिश्नर
सहारनपुर। अयोध्या प्रकरण को लेकर उच्चतम न्यायालय के आने वाले फैसले को देखते हुए कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने विभिन्न अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीआईजी ने आर्मी अधिकारियों को भी तैयारी रखने को कहा है।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त संजय कुमार ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि वे रोडवेज बसों की अतिरिक्त गाड़ियों का अधिग्रहण करने की व्यवस्था करें। कोई भी ड्राइवर शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाएगा। उन्होेंने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिए कि वे गन्ना समिति के एक लाख छत्तीस हजार सदस्यों का फोन नंबर अपने पास सुरक्षित रखें। जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने पर उनके साथ तत्काल संवाद स्थापित हो सके।
उन्होंने कहा कि डीपीआरओ सभी ग्राम पंचायतों में शांति कमेटी की बैठक करें। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सभी डाक्टरों की बैठक लें और आवश्यक निर्देश जारी करें। जनपद के किसी भी अधिकारी को मुख्यालय छोड़ने की किसी भी दशा में अनुमति नही दी जाएगी। कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बडे़ मदरसों में जाकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करें। निर्णय आने के बाद किसी भी दशा में रेलवे की संपत्ति को नुकसान नहीं होना चाहिए। रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएं। जीआरपी एवं आरपीएफ संयुक्त रूप से पैदल गश्त करते रहें। उन्होंने जिला अस्पताल सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए।
पुलिस उप महानिरीक्षक उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि आर्मी भी पूरी तैयारी रखे। जिला पंचायत राज अधिकारी प्रधानों की जिम्मेदारी तय करें। गांव में सुरक्षा समिति को सक्रिय करके उससे निरंतर फीडबैक लेते रहें। उन्होंने कहा कि हमारे पास पर्याप्त फोर्स है, गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम आलोक कुमार पाण्डेय, एसएसपी दिनेश कुमार, एडीएमई एसबी सिंह, एडीएम एफ विनोद कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, बार एसोशिएशन के अध्यक्ष आदित्य अंगीरस, महासचिव आदित्य सिंह, सीएमओ डॉक्टर बीएस सोढी आदि मौजूद रहे।