बिना अनुमति चल रहा हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ा
बेहट। सामाजिकी वन प्रभाग की बेहट वन रेंज क्षेत्र में वनकर्मियों की मिलीभगत से खुशहालपुर में रजबहे के पास बिना अनुमति के आम के हरे-भरे पेड़ों को काटा जा रहा है। इससे जहां सरकार को राजस्व की हानि हो रही है। वहीं, पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है।
बेहट क्षेत्र में शिवालिक एवं सामाजिकी वानिकी वन रेंज क्षेत्रों में काफी समय से वनकर्मियों की मिलीभगत से प्रतिबंधित एवं हरे-भरे फलदार पेड़ काटे जा रहे हैं। दो दिन से खुशहालपुर के रजबहे के पास आम के बागान में हरे फलदार पेड़ काटे जाने की शिकायत विभाग के उच्चाधिकारियों को दी गई। इसके बाद वन रेंज क्षेत्राधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कुछ पेड़ों का जुर्माना कर मामले को रफादफा कर दिया। इतना ही नहीं इसी वन रेंज क्षेत्र के गांव नौगांवा के पास भी वन विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से आम के बागान में जसमौर निवासी किसी लकड़ी माफिया द्वारा कई दिनों से कटान किया जाता रहा, लेकिन वन रेंज में तैनात कर्मचारियों की नींद नहीं टूटी।
---------
-वर्जन-
खुशहालपुर में आम के पेड़ों का कटान किए जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित पर जुर्माना किया गया है।
प्रवेश कुमार, वन क्षेत्राधिकारी बेहट