आज जनपद न्यायालय रहेगा बंद
सहारनपुर। न्यायालय में कार्यरत कर्मी के कोरोना संक्रमित पाए जाने की वजह से आज (शनिवार) को जनपद न्यायालय बंद रहेगा।
प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश चंद्र भारती ने इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक जनपद न्यायालय (वाहय न्यायालय देवबंद, ग्राम न्यायालय बेहट को छोड़कर) पूर्ण रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है।
साथ ही कर्मचारी के संपर्क में आने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को भी कोविड-19 परीक्षण कराने तथा निगेटिव रिपोर्ट प्राप्त होने तक होम आइसोलेट करने को कहा है। संक्रमण की रोकथाम हेतु न्यायालय परिसर एवं प्रत्येक न्यायालय कक्ष को सैनिटाइज कराने के भी निर्देश दिए हैं।
वहीं, जिन तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की 28 नवंबर को ट्रेनिंग होनी है वह निर्धारित लिंक के माध्यम से ट्रेनिंग प्राप्त करेंगे। किसी तकनीकी समस्या के निराकरण के लिए सिस्टम आफिसर कंप्यूटर अनुभाग से संपर्क करेंगे। उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया है कि उक्त कार्य दिवस में रिमाण्ड कार्य अवकाश कार्य दिवसों की भांति संपादित कराया जाए।