शौचालय दिवस पर नगर निगम ने महानगर में कराए नुक्कड़ नाटक
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। विश्व शौचालय दिवस पर नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन कराया गया। इसका मकसद नागरिकों को शौचालयों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना था।
नगरायुक्त गजल भारद्वाज के निर्देश पर शनिवार को खलासी लाइन सहित शहर के पांच स्थानों पर नुक्कड़ नाटक करके लोगों को शौचालय उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। नाटकों का शुभारंभ अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सहारनपुर खुले में शौच से मुक्त शहरों की ओडीएफ प्लस-प्लस श्रेणी में शामिल है। इस स्थिति को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम प्रयास कर रहा है। महानगर में 31 सामुदायिक व 27 सार्वजनिक शौचालय क्रियाशील हैं। 20 मोबाइल शौचालय कार्य कर रहे हैं।
इनके अतिरिक्त महिलाओं के लिए अलग से तीन पिंक शौचालय बनाए जा रहे हैं। निर्माण विभाग द्वारा भी 70 शौचालयों का निर्माण कराया गया है। जिनमें से 42 शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। नुक्कड़ नाटक में प्रशांत राजन, निर्मला, शोएब, जुबैर व गिन्नी आदि कलाकार शामिल रहे। सहायक नगरायुक्त/नगर स्वास्थय अधिकारी अशोक प्रिय गौतम, सफाई निरीक्षक आशीष धौलाखंडी व स्वच्छ भारत मिशन के मोहम्मद इंतजार आदि भी मौजूद रहे।
पानी की टंकी से बनाया कंपोस्टर
कबाड़ से जुगाड़ के तहत मिशन सुनहरा कल समिति ने नगर निगम गैराज में बेकार पड़ी पेयजल टंकी को गीले कचरे से खाद बनाने के संयंत्र यानि कंपोस्टर के रूप में तैयार किया है। कार्यक्रम प्रबंधक मयंक पांडेय ने बताया कि एक हजार लीटर की टंकी में वेंटिलेशन के लिए पाइप डाला गया है। वहीं, चारों ओर छेद किए गए हैं। लिक्विड खाद के लिए नीचे टोंटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि निगम के सफ़ाई निरीक्षक सुधाकर की देखरेख में पंजाबी बाग की प्रगति स्वच्छता समिति ने इस नवीन कंपोस्टर को पंजाबी बाग में स्थापित किया है।