- सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम में किया आह्वान
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। यातायात नियमों के प्रति आम जनता को जागरूक करने के लिए 24 नवंबर तक सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत ही बुधवार को हुए कार्यक्रम में अधिकारियों ने आह्वान किया कि नियमों पर चलकर लोग सड़क पर हादसों से बचें। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे से भी बचकर रहें।
संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय पर कार्यशाला में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरपी मिश्रा ने कहा कि लोगों को यातायात नियमों के बारे में तथा कोविड-19 के बचाव के संबंध में जागरूक किया जाए। मुख्य मार्गों, महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर कोविड-19 से बचाव एवं यातायात नियमों के संबंध में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वितीय दल सतीश कुमार, अजीत कुमार श्रीवास्तव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सहित अन्य ने सीट बेल्ट, हेलमेट लगाने के साथ ही यातायात के नियमों के अनुपालन पर जोर दिया। इस दौरान स्थानीय डीलर, मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर संचालक आदि मौजूद रहे।
---------
वाहन चालकों को दी हिदायतें
सहारनपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों की चेकिंग कर वाहन चालकों को हिदायतें दी गईं। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट वाहन चला रहें वाहन चालकों को इस जागरूक किया गया। बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन संचालन से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की वीडियो क्लिपिंग दिखाई गई। इसके साथ ही कोरोना से बचने के लिए हर हाल में मास्क लगाने के निर्देश दिए गए।
--------
शहर में जाम से बेहाल रहे लोग
- एक तरफ अफसर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाते रहे, सड़कों पर चेकिंग करते रहे। वहीं, शहर में कई मार्गों पर पहले की तरह ही जाम के हालात बने रहे। अंबाला रोड, कोर्ट रोड, मंडी समिति रोड सहित अन्य जगहों पर कई बार राहगीरों को जाम से जूझना पड़ा। इससे पहले त्योहारों में जाम ने लोगों को परेशान किया था।