100 वर्ष से अधिक पुराने श्मशान की भूमि पर कब्जा कर ट्यूबवेल लगाने के विरोध में मवीं कला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को आवास विकास परिषद के अधिकारियों का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार ही कार्य कराया जाएगा।
ग्राम मवीं कला में नगर निगम की ओर से एक ट्यूबवेल लगाने का कार्य चल रहा है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर हंगामा किया और कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर ट्यूबवेल लगाने का कार्य चल रहा है वह भूमि 100 वर्ष से भी पुराने श्मशान की है।
इसके बाद ग्रामीणों ने विपुल पंवार और प्रदीप कुमार के नेतृत्व में आवास विकास परिषद कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों का घेराव किया और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व अभिलेख दिखाकर शमशान की भूमि पर कार्य नहीं कराने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने कहा कि श्मशान की भूमि पर कार्य नहीं कराया जाएगा।
इस दौरान यूथ गुर्जर फेडरेशन के जिलाध्यक्ष परीक्षित वर्मा, संजय पंवार, प्रवीर चौधरी, सोनू, सतीश, मुकेश, सचिन, विनोद, राहुल, अमित, अभय, जनेश्वर, विजय आदि मौजूद रहे।