देवबंद (सहारनपुर)। शाहपुर गांव में विद्युत निगम की भूमि पर सोमवार की रात्रि अवैध निर्माण कर रहे कुछ लोग पुलिस को देखते ही भाग खड़े हुए। शिकायत मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया।
विद्युत ट्रांसमिशन के एक्सईएन धर्मेंद्र कुमार व एसडीओ सतेंद्र कुमार सिंह सोमवार की रात्रि में एसडीएम देवेंद्र पांडेय के आवास पर पहुंचे। अधिकारियों ने एसडीएम को बताया कि विद्युत निगम ने बिजलीघर के लिए शाहपुर गांव के जंगल में जमीन खरीद रखी है, लेकिन कुछ लोग उक्त जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा करना चाह रहे हैं। इस पर एसडीएम ने सीओ रजनीश उपाध्याय से वार्ता कर रात्रि में ही नायाब तहसीलदार व लेखपाल को पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण रुकवाने के लिए शाहपुर में भेजा।
एसडीएम के मुताबिक रात्रि में करीब साढ़े दस बजे जब राजस्व विभाग की टीम वहां पहुंची तो कुछ लोग भूमि पर अवैध निर्माण कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वह लोग भाग खड़े हुए। इस पर टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कराकर जमीन विद्युत निगम के अधिकारियों के सुपुर्द करा दी। एसडीओ ट्रांसमिशन ने बताया कि जिस जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था उस जमीन का बैनामा विद्युत निगम के नाम है। कोतवाल यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि जमीन की पैमाइश कराई जा रही है। जब तक पैमाइश पूरी नहीं हो जाती है, तब तक निर्माण कार्य बंद रहेगा। निगम अधिकारियों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।