आवास विकास कालोनी में सड़कों पर बनी पार्किंग और गार्डन
सहारनपुर। पॉश कॉलोनी आवास विकास का अस्तित्व अतिक्रमण में दफन हो रहा है। कभी चौड़ी सड़कों की वजह से जानी जाने वाली इस कॉलोनी मेें लोगों ने घरों के बाहर निजी पार्किंग और गार्डन बनाया हुआ है। सड़कों पर अतिक्रमण की वजह से वाहनों केे निकलने तक में परेशानी होती है।
आवास विकास कालोनी में बीच में 40 फुट तक चौड़ी सड़कें हैं, मगर लोगों ने निजी इस्तेमाल के चलते ज्यादातर सड़कों को संकरी बना दिया है। 90 फीसदी से अधिक लोगों ने घरों के बाहर सड़कों पर गार्डन बनाए हुए हैं। लोहे के जाल से गार्डनों को कब्जे में लिया हुआ है। कई लोगों ने घरों में जगह नहीं बचने की वजह से सड़कों पर पार्किंग बनाई हुई हैं, जहां वह अपने वाहन खड़े करते हैं। कई जगहों पर मात्र 15 से 20 फुट की ही सड़क बची है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने भवनों के नक्शों में फेरबदल कर छज्जे भी आगे निकाले हुए हैं।
दुकानें भी सड़कों पर
कॉलोनी में कई जगहों पर सड़कों पर ही दुकानें सजी हैं। दुकानदारों ने ऊपरी मंजिल पर बनी दुकानों तक जाने के लिए सड़कों पर लोहे की सीढ़ियां बनवा ली हैं। अनेक दुकानदारों ने दुकानों के सामने टीनशेड डाली हुई हैं, जिनके नीचे सड़कों पर ही दुकानें चल रही हैं।
अतिक्रमण हटाने को ठोस कार्रवाई नहीं
आवास विकास की सड़कों से अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। शिकायतों के बाद निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंचती है, लेकिन विरोध के चलते लौट जाती है।
वर्जन
शिकायत मिलने पर नगर निगम ने आवास विकास कालोनी से अतिक्रमण हटाया है। चूंकि सभी ने अतिक्रमण किया हुआ है, ऐसे में कम ही शिकायत आती हैं। यदि भविष्य में भी कोई शिकायत आती है तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- दानिश नकवी, अतिक्रमण प्रभारी, नगर निगम।