छुटमलपुर। पिछले दो माह से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर फ्री में रफ्तार का आनन्द ले रहे लोगों को अब जल्द ही इस पर सफर के लिए टैक्स चुकाना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 12 किमी लंबे एलिवेटेड रोड के लिए टोल की दरें तय कर दी हैं। कार के लिए 145, बड़े वाहनों के लिए 245 और बसों के लिए 495 रुपये चुकाने पड़ सकते हैं। हालांकि अभी इसकी अधिकारित पुष्टि नहीं हुई है। चौबीस घंटे के अंदर वापसी करने पर दूसरी तरफ से आधा टैक्स चुकाना पड़ेगा।
बता दें कि 210 किमी लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर जिले में काम पूरा हो गया है। इस पर नागल क्षेत्र के लाखनौर से यूपी उत्तराखंड की सीमा डाट मंदिर तक वाहन फर्राटा भर रहे हैं। अब तक इस पर एक ही टोल प्लाजा छुटमलपुर के सोना सैयद माजरा में स्थित है। इस पर एक तरफ से कार के लिए 35 रुपये वसूले जाते हैं। एलिवेटेड रोड के लिए दूसरे टोल प्लाजा की स्थापना गणेशपुर में दून कॉलेज के पास की गई है। इसे 16 लेन का बनाया गया है। एशिया के सबसे लंबे वन्य जीव गलियारे से पहले बने इस टोल प्लाजा की इमारत पर भी वनों और वन्य जीवों की चित्रकारी की है ताकि यहीं से यात्रियों को रोमांचक सफर का आनन्द मिल सके।
एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि इस टोल प्लाजा को जल्द ही शुरू किए जाने की योजना है। इसके लिए युद्व स्तर पर काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि इस पर सफर के लिए एक तरफ से कार को 145, बड़े वाहनों को 245 तथा बसों के लिए 495 रुपये चुकाने पड़ सकते हैं। 24 घंटे के अंदर वापस आने पर उधर से केवल आधा टोल देना होगा। टोल का टेंडर भी एक माह पहले हो चुका है। टोल कंपनी के कर्मचारी भी पहुंचने शुरू हो गए हैं। एनएचएआई के साईट इंजीनियर करण सिंह ने बताया कि अभी टोल प्लाजा शुरू करने की अधिकृत तारीख नहीं आई है। लेकिन यहां जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश हुए हैं जिसके तहत तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दिशा निर्देश मिलते ही टोल को चालू कर दिया जाएगा।