सहारनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मैदान पर पहली बार उतरी आसपा (आजाद समाज पार्टी) के प्रत्याशियों ने दूसरे दलों के नेताओं की बेचैनी बढ़ा दी। मतगणना के रुझानों में कई प्रत्याशी अलग अलग वार्ड पर बढ़त बनाए हैं तो कई वार्डों पर आसपा के प्रत्याशी को अब तक मिले वोटों से बसपा और अन्य दलों के प्रत्याशियों का गणित गड़बड़ाता नजर आया।
हालांकि अभी जिला पंचायत वार्डों की मतगणना पूरी नहीं हुई है, लेकिन दिन भर चली मतगणना के दौरान जो रुझान सामने आए, उसमें कई वार्डों पर आसपा समर्थित उम्मीदवारों को अच्छा वोट मिला। वार्ड 41 पर वैसे तो बसपा प्रत्याशी ममता चौधरी आगे चल रही हैं, लेकिन आजाद समाज पार्टी केे प्रत्याशी को भी यहां पर ठीकठाक वोट मिले। इसी वजह से बसपा प्रत्याशी ममता चौधरी अपनी जीत के प्रति आशंकित नजर आईं।
आजाद समाज पार्टी के मीडिया प्रभारी टिंकू कपिल की मानें तो जिला पंचायत के वार्ड 44 से मास्टर अमित कुमार, वार्ड 45 से रकम सिंह के अलावा वार्ड 46 और वार्ड 09 पर आजाद समाज पार्टी के समर्थित प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि आजाद समाज पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिले के सभी 49 जिला पंचायत वार्डों पर प्रत्याशी उतारे थे। प्रत्याशियों के समर्थन में गांव दर गांव प्रचार, रोड शो और सभाएं कीं। अब तक मतगणना के जो रुझान सामने आ रहे हैं, उसमें कई वार्डों पर आसपा के प्रत्याशी मजबूत बताए जा रहे हैं। इसका राजनीतिक विश्लेषण यह भी माना जा रहा है कि आसपा के प्रत्याशी जिन वार्डों पर बढ़त बनाएंगे, वहां बसपा प्रत्याशी को तगड़ा नुकसान होगा।