लखनऊ में प्राची को सम्मानित मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर , स्रोत स्वय
सरसावा। चीन में हुए एशियाई खेलों में रिले दौड़ में देश के लिए रजत पदक जीतने वाली सरसावा के गांव झबीरण की बेटी प्राची को प्रदेश सरकार ने राजपत्रित अधिकारी बनने का ऑफर दिया है। 27 जनवरी को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्राची को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया गया, साथ ही उनको जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के पद पर नियुक्ति के लिए पत्र जारी किया गया है।
प्राची चौधरी के चाचा सचिन कालियर ने बताया कि प्रदेश सरकार ने एशियाई खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली प्राची को जहां डेढ़ करोड़ रुपये की नगद धनराशि इनाम स्वरूप प्रदान की थी। वहीं 27 जनवरी को प्राची को राजपत्रित अधिकारी के पद पर चयनित होने के लिए पत्र सौंपा गया है। शासन द्वारा भेजे गए पत्र में फिलहाल केवल पद का उल्लेख है। तैनाती का स्थल नहीं दिया गया है। सचिन कालियर ने बताया कि फिलहाल प्राची भारतीय रेलवे पटियाला में सीनियर क्लर्क के पद पर तैनात हैं। प्राची को जिला युवा कल्याण अधिकारी पद पर नियुक्ति पर विचार के लिए एक माह का समय दिया गया है।