सहारनपुर। जिले में 6042 तालाब हैं। इनमें से बड़ी संख्या में तालाबों पर कब्जे बरकरार हैं, जबकि प्रशासन की ओर से तालाबों पर कब्जे हटवाने और सुंदरीकरण का दावे किए गए, लेकिन हकीकत में स्थिति दयनीय है। कुछ ही तालाबों पर काम हो पाया है।
जनपद के तालाबों को कब्जा मुक्त और सुंदरीकरण कर विकसित किए जाने की रूपरेखा छह माह पूर्व तैयार की गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में तालाबों से कब्जे नहीं हट पाए हैं। अमर उजाला ने इसकी पड़ताल की तो कई जगहों पर तालाबों की स्थिति खराब मिली है। कुछ ही तालाबों पर कार्य हुआ दिखा, लेकिन ज्यादातर तालाबों की जमीन पर अवैध कब्जे हैं और कूड़ा भी डाला जा रहा है।
बोले लोग, सिर्फ हुई खानापूर्ति
नागल क्षेत्र के गांव बढेड़ी कोली में 22 बीघा भूमि तालाब की है, लेकिन कब्जा होने वजह से सिर्फ 10 बीघा जमीन बची है। यहीं के निवासी ग्रामीण राहुल नौसरान का कहना है कि उनके गांव व नागल का तालाब संयुक्त है, जिसे चांद वाली के नाम से जाना जाता है। कई बार तालाब को कब्जा मुक्त कराए जाने की शिकायत की जा चुकी है। इस पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन कब्जा नहीं हट पाया है।
कई बार दे चुके हैं प्रार्थना पत्र
इसी तरह तीतरो क्षेत्र के गांव बाल्लू में तालाब पर कब्जे हुए हैं। ग्रामीण अरशद पुत्र शफीक का कहना है कि उनके गांव में प्राथमिक स्कूल के सामने स्थित तालाब के ज्यादातर हिस्से पर अवैध कब्जा है। वह खुद पिछले आठ माह से तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।
नहीं हट सके कब्जे
बड़गांव क्षेत्र के गांव बहेड़ा में दो तालाब है। इन पर भी अवैध कब्जे हुए हैं। गांव बहेड़ा के प्रधान रमेश कश्यप ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इनमें से एक तालाब पर तो अभी भी मिट्टी डाल कर कब्जा किया जा रहा है। इसी तरह जड़ौदापांडा, नकुड़, रामपुर मनिहारान, नागल, देवबंद, बेहट में कई तालाबों पर छह माह बाद भी कब्जे नहीं हट पाए हैं। महानगर में गंगोह रोड स्थित श्री जाहरवीर गोगा म्हाड़ी के तालाब पर वर्षों से कब्जा बरकरार है। यहां पर तालाब की भूमि पर कॉलोनी तक बना दी गई।
एक नजर में प्रशासन के आंकड़े
तहसील------------कुल तालाब---------कब्जे
सदर----------------1835----------------74
नकुड़----------------1190---------------143
देवबंद---------------1241--------------152
बेहट-----------------545----------------40
रामपुर मनिहारान-1231--------------194
योग----------------6042---------------605
तालाबों को कब्ज मुक्त राजस्व विभाग द्वारा कराया जाएगा। बड़ी संख्या में कब्जे हटवाए भी गए हैं। तालाबों का सुंदरीकरण भी हुआ है। अभियान चलाकर कब्जाधारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।----विजय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी