सहारनपुर के देवबंद के गांव जडोदापांडा समेत दर्जनभर से अधिक गांवों के पीड़ित त्यागी समाज के लोगों ने कहा कि कोई भी राजनैतिक दल चुनाव में उनका सौदा न करे। सिंचाई का पानी नहीं मिला तो चुनाव बहिष्कार करेंगे।
जडोदापांडा निवासी अरविंद त्यागी, सतीश भगत, शिवकुमार राणा, नरेश त्यागी आदि ने कहा कि रजवाहा नल्हेड़ा माइनर टेल में यमुना का पानी न होने की वजह से पानी नहीं आता है। जबकि प्रत्येक वर्ष करोड़ों रुपये खर्च कर रजवाहे की सफाई के नाम पर धन बर्बाद किया जाता है।
उन्होंने कहा कि दर्जनभर गांवों के लोग 18 वर्षों से रजवाहे के ऊपर से गुजर रही लिंक नहर से 35 क्यूसेक पानी देने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
त्यागी समाज के लोगों ने कहा कि आज तक कोई भी अधिकारी उनकी सुध लेने गांव में नहीं पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि पानी नहीं तो वोट नहीं। प्रिंस त्यागी, साधूराम आर्य, राजकुमार आदि मौजूद रहे।