सरसावा। विद्युत कटौती से नाराज ग्राम कुंडी रायपुर के किसानों ने सरसावा विद्युत उपकेंद्र पर धरना दिया। गुस्साए किसानों ने अधिशासी अभियंता को भी धूप में अपने बीच बैठा लिया। अधिशासी अभियंता ने किसानों को आश्वस्त किया कि पर्याप्त विद्युत आपूर्ति मिलेगी।
ग्राम कुंडी के प्रमोद राणा ने बताया कि नलकूपों को 10 घंटे विद्युत आपूर्ति के आदेश जारी हैं लेकिन आपूर्ति मात्र दो घंटे मिल रही है। पानी बगैर फसलें नष्ट हो रही हैं। किसानों की शिकायत को बिजली विभाग के कर्मचारी अनसुना कर रहे हैं।
बिजली घर पर धरने पर बैठे किसानों से विभाग के कर्मचारियों ने धरना खत्म करने की अपील की। किसान उच्चाधिकारियों को अपने बीच बुलाने की मांग पर अड़ गए। जिसके बाद मौके अवर अभियंता तथा उपखंड अधिकारी को किसानों ने अपने बीच धूप में बैठा लिया। बात ना बनती देख अधिशासी अभियंता राजीव कुमार अग्रवाल किसानों के बीच पहुंचे तो किसान उत्तेजित होकर नारेबाजी करने लगे तथा विद्युत कटौती का विरोध करते हुए अधिशासी अभियंता को भी धूप में बैठा लिया। करीब तीन घंटे तक धूप में बैठे किसानों ने आधा घंटा तक अधिकारियों को धूप में बैठाए रखा। जिसके बाद अधिकारियों ने किसानों के साथ वार्ता की पेशकश की। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आदेशानुसार नलकूपों को 10 घंटे निर्बाध तथा गुणवत्ता पूर्ण विद्युत आपूर्ति की जाएगी। अधिशासी अभियंता ने किसानों को विश्वास दिलाया कि किसी भी सूरत में किसानों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद किसान धरना खत्म करने पर राजी हुए। इस मौके पर प्रमोद राणा, कुलदीप सिंह, जयदीप, राजेंद्र, सुरजीत, बलविंदर, गोविंद, सूर्य किरण, सुखविंदर, गोपाल, धर्मेंद्र, रमेश, सुरजीत, अतर सिंह, संजीव आदि किसान मौजूद रहे।