सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र के मोहल्ला खानआलमपुरा के एक मकान में युवक की लाश फंदे पर लटकी मिलने से सनसनी फैल गई। पता चलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
लाश कई दिन पुरानी होने की वजह से बुरी तरह से सड़ चुकी थी, जिसमें से दुर्गंध आ रही थी। मुजफ्फरनगर निवासी मोहसिन नाम का युवक खानआलमपुरा की बादशाही मस्जिद वाली गली में नवीन यादव पुत्र बंशीलाल यादव के मकान में किराये पर रहता था।
वह रेलवे स्टेशन के बाहर बेल्ट, पर्स आदि बेचने का काम करता था। तीन दिन से वह नजर नहीं आ रहा था। साथ ही मकान मालिक को बृहस्पतिवार की रात से दुर्गंध आई। शुक्रवार की सुबह अधिक दुर्गंध आने से उसको शक हुआ। जब उसने मोहसिन का कमरा देखा तो वह अंदर से बंद था।
उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना जनकपुरी प्रभारी ने अपनी टीम के साथ जब दरवाजा खुलवाया तो अंदर मोहसिन का शव फंदे पर लटका हुआ था, जो गर्मी की वजह से सड़ चुका था।
मौके पर थाना जनकपुरी प्रभारी को तो उल्टी तक आ गई। सूचना मिलते ही सीओ द्वितीय अमित नागर भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर शव को रिक्शा में लादकर अस्पताल भेजा गया।
साथ ही मोहसिन के परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई। युवक के फांसी लगाने के कारणों का पता नहीं लग सका है। थाना प्रभारी यशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। यदि परिजनों द्वारा तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।