पुवांरका। मांडला गांव में पीएनबी के बैंक मित्र द्वारा लाखों रुपये गबन करने के मामले में पुलिस ने बैंक मैनेजर व बैंक मित्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना बेहट क्षेत्र के गांव मांडला निवासी रामवीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बैंक मित्र, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर उनके लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए एसएसपी आशीष तिवारी व थाना कोतवाली देहात में प्रार्थना पत्र दिया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि पुवांरका के पंजाब नेशनल बैंक के बैंक मित्र पंकज कुमार ने जमा करने के नाम पर लिए गए रुपये हड़प लिए और उन्हे फर्जी जमा रसीदें थमा दी। इस मामले को लेकर उपभोक्ताओं ने बैंक शाखा पुवांरका पर हंगामा भी किया था। पुलिस ने ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर बैंक मित्र पंकज कुमार, मैनेजर व अन्य कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।