तालाब में तब्दील हुआ अंबाला हाईवे।
- फोटो : amar ujala
Saharanpur News: सहारनपुर के सरसावा में हुई बरसात एक बार फिर से नगर वासियों और अंबाला रोड पर आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए मुसीबत बन कर आई। बरसात के चलते अंबाला रोड पर भारी जलभराव हो गया। इसके चलते घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा।
बता दें कि पालिका प्रशासन के द्वारा कराया गया अनियोजित विकास जनता के गले की हड्डी बना है। तीन वर्ष पूर्व पालिका प्रशासन ने करोड़ों रुपये खर्च कर बिल्कुल ठीक-ठाक नाले को तुड़वाकर अंबाला रोड पर सड़क के दोनों ओर जल निकासी के लिए नाले का पुनर्निर्माण कराया था। ठेकेदार ने बेहद अजीब तरीके से नाले को सड़क से ऊंचा बना दिया। इससे निकासी नहीं होने के कारण पानी सड़क पर ही भरने लगा। सड़क के बीचों बीच डिवाइडर का भी निर्माण कराया गया जिससे जल निकासी और अधिक बाधित हो गई।
लोगों की शिकायत पर अमर उजाला में प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित हुई तो जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए जल निगम सहारनपुर को इसकी जांच सौंप दी। बावजूद इसके आज तक नगर पालिका प्रशासन अंबाला रोड पर बनी इस जलभराव की समस्या का समाधान नहीं करा पाया। पालिका सभासद राकेश साहनी, संजय वाधवा, अनुज कांबोज, संजय शर्मा ने कहा कि अंबाला रोड पर भरने वाला पानी पालिका प्रशासन की भारी लापरवाही का नतीजा है। यदि नाला तथा सड़क निर्माण के दौरान पालिका प्रशासन समय समय पर विकास कार्य का अवलोकन करता तो इस समस्या का सामना ना करना पड़ता।
यह भी पढ़ें: Saharanpur: मोहब्बत के तीन साल... चंद मिनटों में उजड़ गईं पति-पत्नी जिंदगी, गांव में मचा कोहराम, तस्वीरें
मंगलवार को भी बरसात में जो जल जमाव हुआ उसमें वाहनों को तो निकलने में परेशानी हुई ही है, अनेकों दोपहिया चालक पानी में गिर कर दुर्घटना का शिकार हुए। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी भूपराम वर्मा ने बताया कि वे जल निकासी की समस्या का समाधान कराने का प्रयास कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: कवाल कांड मामला, नौ साल इंतजार, सात घंटे कटघरे में खड़े रहे गुनहगार