-बुखार से पीड़ित मरीजों को वितरित की गई दवाइयां, डेंगू-मलेरिया के बारे में भी टीम ने किया सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
तीतरों। बुखार के बढ़ते प्रकोप के चलते हुई दो मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। शुक्रवार को विभाग की टीम महंगी में पहुंची। शिविर लगाकर बुखार के करीब 110 मरीजों के रक्त के नमूने लिए। बुखार से पीड़ित मरीजों को दवाइयां वितरित की है, साथ ही मलेरिया व डेंगू के बारे में भी टीम ने गांव में सर्वे किया है।
तीतरों क्षेत्र के ग्राम महंगी में बुखार से महिला सहित दो की मौत हो गई थी। जिसके बाद अमर उजाला ने मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम व जनपद के स्वास्थ्य अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर बुखार पीड़ित मरीजों के स्वास्थ्य की जांचें की। सीएचओ पूजा ने बताया कि गांव में सैकड़ों लोग बुखार की चपेट में हैं, जिनमें वायरल व टाइफाइड बुखार के लक्षण पाए गए हैं। टीम ने बुखार की गंभीर चपेट में आए मरीजों के रक्त के नमूने एकत्र किए हैं। शेष मरीजों को बुखार की दवाइयां दी गई है, साथ ही मरीजों को अपने घरों के आस-पास साफ-सफाई व मच्छरों से बचाव के लिए उचित उपाय करने की जानकारी दी गई है।
गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रोहित वालिया ने बताया कि गांव में फॉगिंग कराया गया है। जिला मुख्यालय से मलेरिया व डेंगू बुखार की जांच के लिए आई टीम के सदस्यों ने घर-घर सर्वे किया है तथा ग्रामीणों को अपने कूलरो, फ्रिज आदि की नियमित सफाई के लिए जागरूक किया गया है। इस दौरान स्वास्थ्य टीम के साथ आशा कार्यकर्ताओं में कविता सैनी, पुष्पा कोरी, राधा, ममता, पंचायत सहायक मीनाक्षी व ग्राम प्रधान अमित कोरी मौजूद रहे है।