बेहट। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर चार माह की गर्भवती महिला को पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति पर तीन तलाक देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पति, सास-ससुर, देवर और ननदों समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फराबाद निवासी शबनम का कहना है कि उसकी शादी बेहट क्षेत्र के गांव संसारपुर निवासी सकीम के साथ हुई थी। आरोप है कि घर बनाने के लिए उससे मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था। उसके पिता ने 15 अक्तूबर को उसके पति को 50 हजार रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद मांग जारी रही। शबनम का आरोप है कि 24 अक्तूबर की सुबह करीब 10 बजे विरोध करने पर पति, सास, देवर और ननदों ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। वह चार माह की गर्भवती है।
गर्भपात कराने के इरादे से दवा खिलाने का प्रयास भी किया, लेकिन उसने दवा नहीं खाई। उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे गांव में मेहरबान के घर पूर्व प्रधान नजीम की मौजूदगी में पंचायत हुई। आरोप है कि पंचायत में पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि तहरीर पर पुलिस ने पति सकीम, सास फरजाना, ससुर इमामुलहक, देवर बिलाल और तबरेज चंगेज, ननद नगमा, फराना, रुबीना और शबनम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।