शराब की दुकानों को लेकर हंगामा करते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में हाईवे से हटाई गई शराब की दुकानें शहर में स्कूलों के आसपास कर दी गई हैं। इसे लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। सर्किट हाउस रोड पर स्कूल के पास शराब की दुकान खोले जाने से नाराज स्कूली बच्चों ने प्रदर्शन किया और दुकान हटाने की मांग की।
उधर, डीएम के पास भी लगातार ऐसी शिकायतें आ रही हैं। डीएम ने जिला आबकारी अधिकारी से इस संबंध में जवाब मांगा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू कराते हुए राज्य सरकार ने हाईवे और उससे पांच सौ मीटर के दायरे में खुली शराब की दुकानों को बंद कराने के आदेश दिए थे।
आदेश के अनुपालन में जनपद में बड़ी संख्या में शराब की दुकानें बंद कराई गई हैं। मगर हैरत की बात यह है कि इन दुकानों को हाइवे से हटाकर शहर में जगह-जगह स्थानांतरित कराया जा रहा है।
कई दुकानें स्कूलों और मंदिरों के आसपास खोल दी गई हैं। शराब की दुकान सर्किट हाउस रोड पर डॉ. अंबेडकर मेमोरियल पब्लिक हाई स्कूल के पास खोले जाने से अभिभावक और शिक्षकों में नाराजगी है।
बच्चों ने शराब की दुकान के विरोध में प्रदर्शन किया। इस संबंध में जागृति फाउंडेशन, डॉ. अंबेडकर मेमोरियल पब्लिक हाईस्कूल और ग्रीन फील्ड पब्लिक हाई स्कूल की ओर से डीएम को एक शिकायती पत्र भी सौंपा गया, जिसमें शराब की दुकान हटवाने की मांग की गई है।