सहारनपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को कार्यकर्ताओं को जीत के गुर देंगे। साथ ही जिले की सातों विधानसभा सीटों के मतदाताओं को भी साधेंगे। वे अंबाला रोड स्थित सिल्वर कैसल बैंक्वेट हॉल में कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे।
विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को साधने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहली बार जनपद में आ रहे हैं। अंबाला रोड स्थित एक बैंक्वेटहॉल में वे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें जनपद की सातों विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल होंगे। अखिलेश यादव सुबह 10.30 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से हवाई जहाज से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आएंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से कार से वे अंबाला रोड स्थित कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे। कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव वाया देहरादून से लखनऊ जाएंगे। सपा के जिला प्रवक्ता फैसल सलमानी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। साथ ही पूरे जनपद के मतदाताओं को भी अपने विचारों से अवगत कराएंगे।