सहारनपुर। कृषि विभाग की कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना के तहत युवाओं को वन स्टाप शॉप स्थापित करने में मदद की जाएगी। जनपद के सभी विकासखंडों में कृषि केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों पर खेती से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उप कृषि निदेशक डॉ.राकेश कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा कृषि केंद्र के संचालन के लिए लाइसेंस प्राप्त करने और उस खर्च होने वाले व्यय की प्रतिपूर्ति की जाएगी, साथ ही बैंकों से प्राप्त ऋण पर पांच प्रतिशत ब्याज की प्रतिपूर्ति भी की जाएगी। इस योजना के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को कृषि स्नातक होना चाहिए। सामान्य श्रेणी के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष तक की छूट मिलेगी। अभ्यर्थी अपने पूर्ण विवरण, शैक्षिक योग्यता व अनुभव प्रमाण पत्रों सहित 20 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं।