जिला अस्पताल में ट्रामा सेंटर स्थित सीटी स्कैन जांच कराती महिला।
- फोटो : संवाद
सहारनपुर। तीन महीने बाद एसबीडी जिला अस्पताल में सीटी स्कैन जांच शुरू हो गई है। अब मरीजों को सीटी स्कैन जांच के लिए निजी अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। हालांकि, अभी कम ही मरीजों की जांच की जा रही है। लोड बढ़ने पर मशीन धोखा दे सकती है।
एसबीडी जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज चिकित्सकों को दिखाने के लिए पहुंचते हैं। सीटी स्कैन कराने वाले मरीजों का अलग से पर्चा बनता है। 14 अक्तूबर को सीटी स्कैन मशीन खराब हो गई थी। इसके बाद मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए निजी अस्पताल जाना पड़ा। परेशानी तो हुई, साथ ही महंगे दामों पर सीटी स्कैन कराया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से संबंधित कंपनी को पत्र लिखा गया।
कंपनी अधिकारियों ने भी जल्द ठीक होने का आश्वासन दिया, लेकिन पार्ट्स नहीं मिलने से मशीन ठीक होने का इंतजार लंबा होता चला गया। अब जाकर मशीन ठीक हो पाई। एसबीडी जिला अस्पताल प्रमुख अधीक्षक डॉ. रामानंद ने बताया कि सीटी स्कैन मशीन ठीक हो गई है। अब मरीजों को कोई परेशानी नहीं होगी।