सहारनपुर में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष कमल वालिया के छोटे भाई सचिन वालिया की गोली लगने से मौत के मामले में जिलाधिकारी समेत तमाम अधिकारियों को विरोध झेलना पड़ा। कमल वालिया यहां तक कह गए कि डीएम साहब घटना के लिए आप जिम्मेदार हैं।
भीम आर्मी समर्थकों का आक्रोश पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को झेलना पड़ा। जिला अस्पताल में एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह के साथ भीम आर्मी समर्थकों और मृतक के परिजनों के बीच शव मोर्चरी में रखने को लेकर खींचतान और धक्का मुक्की हुई।
घटना की जानकारी लेने पहुंचे जिलाधिकारी पीके पांडेय और एसएसपी बबलू कुमार को भीम आर्मी समर्थकों ने खरी-खोटी सुनाई। कमल वालिया ने जिलाधिकारी से कहा कि डीएम साहब घटना के जिम्मेदार आप हैं।
महाराणा प्रताप जयंती पर गांव में आयोजित हुए कार्यक्रम की अनुमति न देते तो उसके भाई की जान बच जाती। जातीय रंजिश के चलते उसके भाई को गोली मारी गई। जिलाधिकारी ने गुस्साए लोगों को जांच कराने का आश्वासन दिया।
अस्पताल में मची रही अफरा-तफरी
सहारनपुर। जिला अस्पताल में भीम आर्मी समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक होती रही, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हंगामे को लेकर अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजन डर के साए में रहे। पुलिसकर्मियों को भीम आर्मी समर्थकों को रोकने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। कई बार प्रदर्शनकारी पुलिस को दूर तक खदेड़ते हुए आगे आ गए, जिससे भगदड़ की नौबत आई।
जिला अस्पताल का गेट करना पड़ा बंद
सहारनपुर। भीम आर्मी समर्थक और मृतक के परिजन बार-बार आक्रोशित हो रहे थे। वह कभी जिला अस्पताल से बाहर जाने का प्रयास कर रहे थे तो कभी मोर्चरी के पास जाते। भीम आर्मी समर्थक गांव रामनगर में महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित कार्यक्रम स्थल पर जाना चाहते थे। इसी को देखते हुए पुलिस को जिला अस्पताल का मुख्य गेट बंद करना पड़ा।
विधायक नरेश सैनी पर भड़के
सहारनपुर। बेहट से कांग्रेस विधायक नरेश सैनी घटना के संबंध में जानकारी लेने जिला अस्पताल पहुंचे तो भीम आर्मी समर्थक भड़क गए। उन्होंने विधायक से कहा कि यहां से चले जाओ। यहां राजनीति करने मत आना। भीम आर्मी समर्थकों नेे विधायक को खरी-खोटी सुनाई। विरोध को देखते हुए विधायक को वहां जाना पड़ा। इसका पता चलने पर अन्य किसी राजनीतिक दल से कोई नेता अस्पताल नहीं पहुंचा।
बेहोश होकर गिर गया कमल वालिया
सहारनपुर। छोटे भाई की मौत पर भीम आर्मी जिलाध्यक्ष कमल वालिया और उसकी मां का रो-रोककर बुरा हाल हो गया। कमल वालिया जिला अस्पताल में मोर्चरी के पास ही बेहोश होकर गिर गया। उसके साथियों ने किसी प्रकार उसे संभाला और पानी पिलाया।
मीडियाकर्मियों के मोबाइल फोन छीनने का प्रयास
सहारनपुर। घटना की कवरेज के दौरान मोबाइल फोन से फोटो खींच रहे मीडियाकर्मियों पर भीम आर्मी समर्थक भड़क गए। उन्होंने फोटो खींचने का विरोध किया। कई मीडियाकर्मियों के मोबाइल फोन छीन लिए। भीम आर्मी के कुछ पदाधिकारियों के समझाने पर मोबाइल फोन वापस दिए गए।